नई दिल्ली | RBN News
राजधानी दिल्ली में आयोजित होने जा रहे India AI Impact Summit 2026 का असर अभी से दिखने लगा है। 16 फरवरी से शुरू होने वाले इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन से पहले ही दिल्ली के प्रमुख लग्ज़री होटलों के किरायों में तेज़ उछाल दर्ज किया गया है। समिट के दौरान कुछ होटलों में एक रात का किराया ₹4 लाख या उससे अधिक तक पहुंच गया है।
यह चार दिवसीय समिट अब तक आयोजित किए गए वैश्विक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सम्मेलनों में सबसे बड़ा बताया जा रहा है और इसे ग्लोबल साउथ में आयोजित होने वाले सबसे प्रभावशाली एआई आयोजनों में से एक माना जा रहा है। समिट का मुख्य फोकस जिम्मेदार, समावेशी और सामाजिक रूप से उपयोगी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर रहेगा।
100 से अधिक देशों की भागीदारी
आधिकारिक अनुमान के अनुसार, इस सम्मेलन में 100 से अधिक देशों के प्रतिनिधिमंडल हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम में 15 से 20 राष्ट्राध्यक्ष या सरकार प्रमुख, 50 से अधिक मंत्री, और 40 से ज्यादा प्रमुख भारतीय व अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के सीईओ की मौजूदगी की संभावना है।
अब तक 35,000 से अधिक पंजीकरण दर्ज किए जा चुके हैं। इसमें सरकारों, टेक कंपनियों, स्टार्टअप्स, शिक्षाविदों, सिविल सोसायटी और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।
होटल उद्योग पर सीधा असर
समिट शुरू होने से पहले ही दिल्ली के होटल सेक्टर में इसका आर्थिक प्रभाव साफ नजर आ रहा है। 15 से 19 फरवरी के बीच कई प्रमुख होटलों में कमरों के दाम सामान्य दिनों की तुलना में कई गुना बढ़ गए हैं।
The Leela Palace New Delhi में 17 फरवरी के लिए कुछ कमरों का किराया लगभग ₹4 लाख प्रति रात तक दर्ज किया गया है, जबकि मार्च के मध्य में यही कमरे ₹60,000 से कम में उपलब्ध हैं।





